शेखपुरा जिले के चेवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एकाढ़ा गांव में पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें इनामी अपराधी के पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया। इस घटना की पुष्टि करते हुए शेखपुरा के पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी ने बताया कि घायल अपराधी की पहचान बेगूसराय जिले के मटिहानी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामदीरी गांव निवासी गोलू कुमार उर्फ गोलू सिंह के रूप में हुई है।
गोलू सिंह पर हत्या, लूट सहित 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और बेगूसराय पुलिस द्वारा उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वह अपने गांव से फरार होकर अपने जीजा के घर एकाढ़ा गांव में छिपा हुआ था।
पुलिस को उसके छिपे होने की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद पटना से आई एसटीएफ टीम, बेगूसराय पुलिस और शेखपुरा पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाकर गांव की घेराबंदी की। पुलिस ने अपराधी को आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया, लेकिन उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोलू सिंह के पैरों में गोली लगी और वह घायल हो गया। कुख्यात अपराधी के पास से छह खोखा सहित देशी कट्टा भी बरामद हुआ है
पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल, पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।





































