लखीसराय उत्पाद थाना से फरार हुए तीनों कैदी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार
लखीसराय। मंगलवार की रात उत्पाद थाना हाजत से फरार हुए तीनों कैदियों को उत्पाद विभाग की त्वरित कार्रवाई में 24 घंटे के भीतर फिर से गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना के बाद थाना परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरार हुए आरोपी मनकठा निवासी नीतीश कुमार (पुत्र दिनेश पासवान), जर्नादन साव के पुत्र सोनू कुमार, तथा चानन निवासी धीरज कुमार (पुत्र मुन्नी लला यादव) को मंगलवार को आठ लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया था। रात्रि का लाभ उठाते हुए तीनों ने हाजत के दरवाजे की रॉड को किसी धारदार औजार से काटकर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही उत्पाद अधीक्षक वीभा कुमारी एक्शन मोड में आईं और तत्काल एक विशेष टीम का गठन कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया। लगातार तलाशी और दबिश के बाद बुधवार रात तक तीनों आरोपियों को पुनः गिरफ्तार कर लिया गया।उत्पाद अधीक्षक वीभा कुमारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि किसी कैदी को परिवार के किसी सदस्य द्वारा रॉड काटने वाला उपकरण उपलब्ध कराया गया था, जिसकी सहायता से हाजत का दरवाजा काटकर फरारी की घटना को अंजाम दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला अधिकारी को भी इसकी जानकारी दी गई और उत्पाद थाने की सुरक्षा व्यवस्था की पुनः समीक्षा की गई है।इस घटना के बाद विभागीय निरीक्षण किया गया और सुरक्षा के लिहाज से कई निर्देश जारी किए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसी कोई चूक न हो।





































